
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या ने पूरी दुनिया को स्तब्ध कर दिया है। आबे पर जापान के पश्चिमी शहर नारा में एक चुनाव सभा के दौरान हमला किया गया।हमले में एक गोली आबे के सीने में लगी। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए।हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आइए जानते हैं कि उसके बारे में अभी तक क्या-क्या जानकारी सामने आई है।
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, हमलावर की पहचान 41 साल के तेत्सुया यामागामी के तौर पर हुई है।पुलिस के सूत्रों ने जापानी मीडिया हाउस NHK को बताया कि यामागामी नारा शहर का ही रहने वाला है और आबे पर हमले के लिए उस पर हत्या की कोशिश की धारा लगाई गई है।रिपोर्ट के अनुसार, पूछताछ के दौरान हमलावर ने कहा कि वह आबे से असंतुष्ट था और उसने मारने के इरादे से हमला किया था।
जापान की फुजी टीवी के अनुसार, हमलावर एक पूर्व सैनिक है और समुद्री आत्मरक्षा बल का सदस्य रह चुका है।पुलिस ने पहले शॉटगन के जरिए हमला किया जाने की बात कही थी, लेकिन अब सुरक्षा अधिकारियों ने कहा है कि आरोपी ने हमले के लिए सेल्फ-मोडिफाइड बंदूक का इस्तेमाल किया।सासाकी योहई ने NHK को बताया कि फायरिंग की आवाज शॉटगन से मेल नहीं खाती है। चश्मदीदों ने हमले के बाद एक सूखी पॉपिंग आवाज सुनी।
