अमरनाथ गुफा के पास बादल फटा
Amarnath Yatra: जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने से 5 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है. इस घटना के बाद अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है.
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने से (Cloud Bursts near Amarnath Cave) बड़ा हादसा हो गया है. इस घटना में 5 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने न्यूज18 को यह जानकारी दी है. मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं, जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं. इस हादसे के बाद अमरनाथ यात्रा को रोक दिया गया है.
यहां बादल फटने से पानी के तेज बहाव में तीन लंगर समेत कई टेंट बह गए हैं. घटना के बाद अमरनाथ यात्रा को स्थगित कर दिया गया है और राहत व बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है. जम्मू-कश्मीर पुलिस के आईजीपी के अनुसार, पवित्र गुफा के पास बादल फटने से पानी के तेज बहाव में कुछ लंगर और टेंट बह गए. घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है और फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं.
वहीं इस हादसे के बाद केंद्रीय गृहमंत्री ने ट्वीट करके जानकारी दी है कि, बाबा अमरनाथ की गुफा के पास बादल फटने से आयी बाढ़ के संबंध में मैंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात की और हालात की जानकारी ली है. NDRF, CRPF, BSF और स्थानीय प्रशासन बचाव कार्य में लगे हैं. लोगों की जान बचाना हमारी प्राथमिकता है. सभी श्रद्धालुओं की कुशलता की कामना करता हूँ.

