
जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने की खबर आ रही है। घटना में दो लोगों के मरने की खबर है, हालांकि इस आंकड़े के बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) समेत कई एजेंसियों मौके पर बचाव कार्य में लगी हुई हैं।घायलों को हेलीकॉप्टर्स की मदद से बाहर निकाला जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने की यह घटना शाम लगभग 5:30 बजे के आसपास हुई।कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) विजय कुमार ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि बादल फटने के कारण आई तेज बाढ़ में कुछ लंगर और टेंट बह गए। उन्होंने दो लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि स्थिति अभी नियंत्रण में है।कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में पांच लोगों के मरने की बात कही गई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घटना पर ट्वीट करते हुए कहा, 'बाबा अमरनाथ जी की गुफा के पास बादल फटने से आयी फ्लैश फ्लड के संबंध में मैंने उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा जी से बात कर स्थिति की जानकारी ली है। NDRF, CRPF, BSF और स्थानीय प्रशासन बचाव कार्य में लगे हैं। लोगों की जान बचाना हमारी प्राथमिकता है। सभी श्रद्धालुओं की कुशलता की कामना करता हूं।'केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने घटना पर दुख व्यक्त किया।